फिल्मी डायलॉग्स पर आधारित मतदाता जागरूकता पोस्टर्स बनेंगे आकर्षण का केंद्र

फिल्मी डायलॉग्स पर आधारित मतदाता जागरूकता पोस्टर्स बनेंगे आकर्षण का केंद्र
X

राजसमंद। विधानसभा चुनाव के मध्यनजर मतदान हेतु लोगों को जागरूक किए जाने की गतिविधियां जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में नेहरू युवा केंद्र और करियर महिला मण्डल सहयोग हेतु आगे आए हैं।
इनकी टीम ने बॉलीवुड फिल्मों के जाने-पहचाने डायलॉग्स पर आधारित 500 मतदाता जागरूकता पोस्टर्स तैयार किए हैं जिन्हें जिले की समस्त ग्राम पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा। ये फिल्मी डायलॉग्स जनमानस में वर्षों से अपनी जगह बनाए हुए हैं। प्रयास यही है कि रोचक ढंग से भी मतदाताओं को प्रेरित किया जाए जिससे शत प्रतिशत मतदान के संकल्प को साकार करने की दिशा में सार्थक प्रयास हो सके। प्रथम फेज़ में तहसील मुख्यालयों और द्वितीय फेज़ में पंचायतों तक इन्हें ले जाएंगे।
एसपी, सीईओ और एडीएम ने किया विमोचन
गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, जिला परिषद सीईओ राहुल जैन और एडीएम नरेश बुनकर ने इन पोस्टर्स का विमोचन किया। नेहरू युवा केंद्र के वॉलंटियर्स इन्हें गांवों तक पहुंचाएंगे।
करियर महिला मण्डल की संस्थापक भावना पालीवाल ने बताया कि उनकी संस्थान समाज सेवा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत है। इसके साथ ही शत प्रतिशत मतदान के संकल्प को साकार करने और लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने की दिशा में भी वे प्रयास कर रहे हैं।
विविध गतिविधियां होंगी आयोजित
करियर महिला मण्डल की भावना पालीवाल ने बताया कि आगामी दिनों सोशल मीडिया प्रचार प्रसार के साथ ही युथ चला बूथ, मिलकर चलेंगे बूथ, पोस्टर प्रतियोगिता, मेहंदी से सन्देश, मतदान जागरुकता चौपाल, प्रभात फेरी, रंगोली, स्कूली बच्चों के माध्यम से रैली व बुजुर्गों से मतदान की अपील जैसी कई संगठनात्मक गतिविधियां आयोजित होगी।
ये रहे मौजूद
विमोचन के दौरान नेहरू युवा केन्द्र कार्यक्रम सहायक हनवंत सिंह चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता भावना पालीवाल, राष्ट्रीय युवा अवार्डी शंकर गाडरी, संदर्भ व्यक्ति महेश पालीवाल, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नीलेश पालीवाल,  कार्तिक बपडोत, स्वीप सह प्रभारी रामप्रकाश शर्मा, हरिओम आदि उपस्थित रहे।

Next Story