बर्फीले तूफान से ठप हुआ अमेरिका: न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी में इमरजेंसी, भारी बिजली संकट

बर्फीले तूफान से ठप हुआ अमेरिका: न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी में इमरजेंसी, भारी बिजली संकट
X

न्यूयॉर्क/वॉशिंगटन। अमेरिका के उत्तरपूर्वी राज्य इस समय सदी के सबसे शक्तिशाली बर्फीले तूफान 'बम चक्रवात' की चपेट में हैं। मैरीलैंड से लेकर मेन तक के इलाके कई फीट बर्फ की चादर में दब गए हैं। इस भीषण मौसम ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है, जिसके चलते शनिवार से मंगलवार के बीच 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अकेले सोमवार और मंगलवार को ही हजारों यात्री एयरपोर्ट्स पर फंसे रहे। न्यूयॉर्क के जेएफके और बोस्टन के लोगान एयरपोर्ट पर सबसे बुरा असर पड़ा है।

आपातकाल घोषित: जनजीवन पूरी तरह ठप

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह पिछले एक दशक का सबसे खतरनाक तूफान है। रोड आइलैंड और मैसाचुसेट्स जैसे राज्यों में दो से तीन फीट तक बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फीली हवाओं और शून्य दृश्यता के कारण न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स में आपातकाल (Emergency) लागू कर दिया गया है। हालात इतने गंभीर हैं कि संयुक्त राष्ट्र (UN) को अपनी सुरक्षा परिषद की बैठक स्थगित करनी पड़ी और मुख्यालय को बंद कर दिया गया। न्यूयॉर्क में छह साल बाद स्कूल बंद किए गए हैं और रेल-बस सेवाएं पूरी तरह निलंबित हैं।

अंधेरे में डूबे शहर, नेशनल गार्ड तैनात

तूफान की वजह से बिजली ग्रिड बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मैसाचुसेट्स और न्यू जर्सी समेत पूर्वी तट के करीब 5,70,000 घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की बिजली गुल है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों के लिए नेशनल गार्ड को तैनात किया है। जहाँ एक ओर प्रशासन लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ पर्यटक टाइम्स स्क्वायर पर बर्फबारी का आनंद लेते भी दिखे। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस सप्ताह के अंत तक एक और तूफान दस्तक दे सकता है, जिससे मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Next Story