अमेरिका ने रूस से तेल आयात पर भारत के लिए 25% टैरिफ हटाया, राहत कब मिलेगी? तय हुई डेडलाइन

अमेरिका ने रूस से तेल आयात पर भारत के लिए 25% टैरिफ हटाया, राहत कब मिलेगी? तय हुई डेडलाइन
X

वॉशिंगटन |अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को रूस से तेल खरीद के लिए भारत पर लगा अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ हटाने का एलान कर दिया। यह कदम बीते दिनों ट्रंप द्वारा घोषित दोनों देशों के बीच के व्यापार समझौते को लागू करने के तहत उठाया गया है। ट्रंप द्वारा हस्ताक्षर किए गए एक कार्यकारी आदेश के मुताबिक भारत ने रूस से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से तेल आयात रोकने का वादा किया है।

ट्रंप के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। जिसमें लिखा है, 'मुझे वरिष्ठ अधिकारियों से सूचना और सिफारिश मिली है कि भारत ने कार्यकारी आदेश 14066 के दिशा में कदम उठाए हैं और खासकर रूस से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से तेल खरीद रोकने का वादा किया है। साथ ही भारत, अमेरिका से तेल खरीद करेगा। साथ ही अगले 10 वर्षों के लिए अमेरिका के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाने की रूपरेखा पर भी सहमति दी है।'

आज से खत्म अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ

अमेरिका की ओर से भारतीय सामानों पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ 7 फरवरी, 2026 से हटा दिए गए हैं। व्हाइट हाउस द्वारा जारी कार्यकारी आदेश के अनुसार भारत ने अगले 10 वर्षों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए अमेरिका के साथ एक रूपरेखा पर भी सहमति जताई है।

इसमें कहा गया कि यह आदेश 7 फरवरी, 2026 को भारतीय समयानुसार 10:30 बजे से प्रभावी होगा। इसके बाद भारत से अमेरिका में आयात किए जाने वाले उत्पादों पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लागू नहीं होगा। आदेश के अनुसार तय समय या उसके बाद खपत के लिए लाए गए सामानों, या गोदाम से खपत के लिए निकाले गए सामानों के संबंध में अमेरिका में आयातित भारत के उत्पादों पर अब कार्यकारी आदेश 14329 के तहत लगाया गया 25 प्रतिशत का अतिरिक्त एड वैलोरम ड्यूटी रेट लागू नहीं होगा।

अब कुल 50 में से सिर्फ 18 फीसदी टैरिफ

पिछले साल अगस्त में अमेरिका ने रूसी कच्चे तेल की खरीद पर भारत से आने वाले सामानों पर 25 प्रतिशत पारस्परिक और अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया था। जिसे हालिया बातचीत के बाद राहत के संकेत दिए थे। ट्रंप ने पहले पारस्परिक शुल्क 25 से 18 फीसदी किया और अब अतिरिक्त टैरिफ को खत्म कर दिया है।

Next Story