'जय श्रीराम' के गीतों पर विवाद के बाद हिंसक झड़प, पुलिस का लाठीचार्ज, कई घायल
मुंबई | मलाड पूर्व के संतोष नगर इलाके में रविवार देर शाम एक धार्मिक आयोजन के दौरान जबरदस्त तनाव फैल गया। देवी माता की पूजा के दौरान लाउडस्पीकर पर बज रहे 'जय श्रीराम' के भक्ति गीतों की आवाज को लेकर दो पक्षों में शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।
भक्ति गीतों पर विवाद और पथराव
जानकारी के अनुसार, इलाके में पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। तभी तेज आवाज को लेकर दो गुटों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पत्थरबाजी में तब्दील हो गई। दोनों तरफ से बड़ी संख्या में लोग जुट गए और जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही दिंडोशी पुलिस भारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची। जब भीड़ ने पुलिस की बात नहीं मानी, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा।
5 गिरफ्तार, 3 नाबालिग हिरासत में
इस हिंसा में कम से कम तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें ट्रामा केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया है। दिंडोशी पुलिस ने दंगा भड़काने की धाराओं में मामला दर्ज किया है और आज सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
पूर्व भाजपा पार्षद विनोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि जब घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें एक नाबालिग गंभीर रूप से चोटिल हो गया।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
डीसीपी महेश चिमटे ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे संतोष नगर इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घायलों के बयानों के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है।
