एएनटीएफ‌ की बड़ी कार्रवाई:: टोल तोड़कर भाग रहे पंजाब के 3 नशा तस्करों को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचा, 120 किलो डोडा चूरा बरामद

Update: 2026-04-12 15:21 GMT

भीलवाड़ा BHN। नशे के सौदागरों के खिलाफ एएनटीएफ (ANTF) की भीलवाड़ा टीम ने एक और बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। चित्तौड़गढ़ से पंजाब की ओर जा रही एक संदिग्ध हुंडई कार को अजमेर के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया है। इस सनसनीखेज कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त करते हुए पंजाब के तीन शातिर तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

फिल्मी अंदाज में पीछा और गिरफ्तारी

एएनटीएफ को पुख्ता सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ के रास्ते एक कार भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर अजमेर होते हुए पंजाब जाने वाली है। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए टोल प्लाजा पर जाल बिछाया। जैसे ही कार वहां पहुंची और तस्करों को पुलिस के होने का शक हुआ, उन्होंने रुकने के बजाय तेज रफ्तार में टोल का बैरियर तोड़कर भागने का दुस्साहस किया।

टीम ने तुरंत चतुराई दिखाते हुए अजमेर पुलिस से संपर्क साधा और आगे कड़ी नाकाबंदी करवाई। पुलिस ने जान जोखिम में डालकर पीछा किया और घेराबंदी कर तस्करों को कार समेत धर दबोचा। तलाशी के दौरान कार से करीब 120 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं, जो इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनीष मणी सिंघा पुत्र अजायक सेधा निवासी बरनाला, शंयकी सिंह पुत्र सुखविन्द्र सिंह निवासी पटियाला और युवराज सिंह पुत्र बलजीत सिंह निवासी संगरूर पंजाब शामिल हैं। पुलिस अब इन तस्करों से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। इस कार्रवाई को भीलवाड़ा चौकी के सहायक उप निरीक्षक अयूबखान के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।

Similar News