शादी की खुशियां मातम में बदली: ऑटो पर पलटा ट्रक, दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जहां शादी के महज 24 घंटे के भीतर ही एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। टोंगरा रोड पर पेट्रोल पंप के पास हुए एक भीषण हादसे में मुर्गी दाने से भरे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मां और भाभी की मौके पर ही मौत हो गई।
मंदिर में हुई थी शादी, विदा होकर घर लौट रहे थे
तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ निवासी 25 वर्षीय वीरेन्द्र शाक्य की शादी शुक्रवार को शिवपुरी की राजेश्वरी शाक्य के साथ मंदिर में संपन्न हुई थी। शनिवार को दूल्हा अपनी दुल्हन, मां अन्वेश शाक्य, भाभी राजो शाक्य और बहन भूरिया शाक्य के साथ ऑटो से अपने पैतृक गांव राजगढ़ लौट रहा था। खुशियों के बीच किसी को अंदाजा नहीं था कि मौत रास्ते में खड़ी है।
सामान लेने रुकी बहन, और घट गया हादसा
हादसा टोंगरा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य कुछ सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी और ऑटो सड़क किनारे खड़ा था। तभी पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ रहा मुर्गी दाने से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे ऑटो पर पलट गया। ऑटो ट्रक के नीचे पूरी तरह दब गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जेसीबी की मदद से निकाले गए शव
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दूल्हा वीरेन्द्र, दुल्हन राजेश्वरी, मां अन्वेश और भाभी राजो को मृत घोषित कर दिया। ऑटो ड्राइवर और बहन भूरिया इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
बहन के 'लगन' की चल रही थी तैयारी
दिल दहला देने वाली बात यह है कि रविवार को ही मृतक वीरेन्द्र की बहन भूरिया शाक्य का 'लगन' दस्तूर होना था। घर में खुशियों का माहौल था और मेहमानों का आना शुरू हो गया था, लेकिन इस एक हादसे ने पूरे गांव में मातम पसरा दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
