यमुना में पलटी श्रद्धालुओं से भरी नाव, 10 की मौत, कई लापता
मथुरा: यूपी के मथुरा जिले से एक बडे हादसे की खबर सामने आई है. यहां वृंदावन में यमुना में श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर पलट गया. इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है. हादसे में बारे में डीआईजी आगरा शैलेश पांडे ने बताया कि हादसा दोपहर सवा 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहार मंदिर से करीब ढाई किमी की दूरी पर है. इस नाव में लगभग में 25 से 27 लोग सवार थे. पांटून पुल से टकराकर यह दुर्घटना हुई है. अभी तक इस हादसे मे 10 लोगों के शव बरामद किए गए हैं. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भी जल्द पहुंच जाएगी. स्थानीय पुलिस, गोताखोर और मेडिकल की टीम यहां पर मौजूद है.
पंजाब के लुधियाना के रहने वाले थे सभी लोग
मथुरा के डीएम चंद प्रकाश सिंह ने अभी तक 14 लोगों को बचा लिया गया है. एनडीआरएफ और आर्मी के लोगों से भी मदद मांगी गई है. NDRF की टीम भी मौके पर पहुंच रही है. हालांकि अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. जिनकी तलाश के लिए राहत-बचाव कार्य जारी है. हादसे के शिकार हुए श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना रहने वाले बताए जाते हैं, जो वृदावंन में दर्शन-पूजन के लिए आए थे.
PM मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है. PM मोदी ने कहा- मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना से गहरा दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है.
पांटून पुल से टकराकर पलटा स्टीमर
यह घटना यमुना के केशी घाट पर हुई. बताया गया है कि यहां पर पंजाब के श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर पांटून पुल से टकराकर पलट गया. हालांकि हादसे के तुरंत बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने बचाव कार्य शुरू किया. जिसके बाद डूब रहे कई लोगों को बचाया गया. हालांकि अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं.