गारनेट फैक्ट्री पर छापा:: सेपरेटर मशीन और 5 टन गारनेट जब्त, माफियाओं में मचा हड़कंप
भीलवाड़ा हलचल न्यूज | वसूली गैंग के पकड़े जाने के बाद चर्चा में आए गारनेट माफियाओं पर पुलिस और खनन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम ने एक गारनेट फैक्ट्री पर बड़ी छापेमारी की, जहाँ से सेपरेटर मशीन और भारी मात्रा में गारनेट बरामद किया गया है।
पुलिस को देख भागे माफिया
बीगोद थाना प्रभारी जय सुल्तान सिंह ने खनि अभियंता प्रवीण जैन, सर्वेयर गिरिराज मीणा और पुलिस जाप्ते के साथ खटवाड़ा रोड स्थित 'मीणों की झोपड़ियां' इलाके में संचालित एक अवैध गारनेट फैक्ट्री पर दबिश दी। पुलिस टीम को आता देख मौके पर मौजूद फैक्ट्री संचालक और श्रमिक वहां से भागने में सफल रहे।
5 टन गारनेट और मशीन बरामद
पुलिस ने जब मौके पर छानबीन की, तो वहां अवैध रूप से गारनेट प्रोसेसिंग के लिए लगाई गई एक सेपरेटर मशीन और कट्टों में भरकर रखा गया करीब 5 टन अवैध गारनेट मिला। टीम ने मशीन और गारनेट को तुरंत जब्त कर लिया है।
रडार पर गारनेट कारोबारी
हाल ही में कोटड़ी और काछोला इलाकों में सक्रिय गारनेट माफियाओं से वसूली के आरोप में चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इस छापेमारी के बाद जिले के बजरी और गारनेट माफियाओं में हड़कंप मच गया है। संबंधित महकमा अब अवैध रूप से संचालित अन्य इकाइयों की भी कुंडली खंगालने में जुटा है।