धर्मनगरी भीलवाड़ा में 'शिव'मय उत्साह:: पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा की तैयारियां पूर्ण, कल निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा
भीलवाड़ा (बीएचएन) | मेवाड़ की पावन धरा भीलवाड़ा पहली बार प्रख्यात कथावाचक ‘कुबेर भण्डारी’ पंडित प्रदीप मिश्रा के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। न्यू आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर 8 से 14 अप्रैल तक होने वाली श्री शिव महापुराण कथा के लिए विशाल पांडाल सज चुका है। सोमवार शाम आयोजन समिति ने संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में आयोजित पत्रकार वार्ता में तैयारियों का ब्योरा साझा किया।
साढ़े चार लाख वर्ग फीट में बना वाटरप्रूफ पांडाल
आयोजन समिति के अध्यक्ष व भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने बताया कि 11 लाख वर्ग फीट के मेडिसिटी ग्राउंड में करीब साढ़े चार लाख वर्ग फीट पर तीन विशाल वाटरप्रूफ डोम तैयार किए गए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए पांडाल में कूलर, पंखे और शुद्ध पेयजल के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक कथा श्रवण का लाभ मिलेगा। पूरे आयोजन को 'डिस्पोजेबल मुक्त' रखने का संकल्प लिया गया है।
कल निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा
कथा की पूर्व संध्या पर यानी 7 अप्रैल (मंगलवार) शाम 4 बजे राजेंद्र मार्ग स्कूल मैदान से विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। महंत बाबूगिरीजी महाराज और महामंडलेश्वरों के सानिध्य में निकलने वाली इस यात्रा में हजारों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर चलेंगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों (गोल प्याऊ, बालाजी मार्केट, सूचना केंद्र, सुभाष मार्केट) से होते हुए पुनः राजेंद्र मार्ग पहुंचेगी।
वीआईपी मेहमानों का लगेगा जमावड़ा
विधायक कोठारी ने बताया कि इस विराट आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को आमंत्रित किया गया है। 13 अप्रैल को देश भर से आने वाले महामंडलेश्वरों और संतों के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा।
प्रतिदिन 40 हजार श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था
कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया ने बताया कि पन्नाधाय सर्किल के पास विशाल भोजनशाला बनाई गई है। यहाँ प्रतिदिन सुबह-शाम 20-20 हजार (कुल 40 हजार) श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार होगा। शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए भोजन में पथमेड़ा गौशाला का शुद्ध घी उपयोग में लिया जाएगा।
पार्किंग और सुरक्षा के विशेष प्रबंध
भीड़ को देखते हुए यातायात और कानून व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। वीआईपी और मीडिया के लिए अलग एंट्री बॉक्स बनाए गए हैं। आयोजन समिति ने अपील की है कि श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, भीड़भाड़ को देखते हुए कीमती आभूषण पहनकर आने से बचें। पत्रकार वार्ता के दौरान समिति के गजानंद बजाज, सत्येंद्र बिरला, पीयूष डाड और मीडिया प्रभारी निलेश कांठेड़ सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
