गारनेट वसूली कांड-: अजय पांचाल समेत चारों आरोपी 3 दिन के रिमांड पर, पुलिस करेगी लाखों की रिकवरी

Update: 2026-04-06 14:41 GMT

 भीलवाड़ा (बीएचएन)। गारनेट व्यापारियों से अवैध वसूली करने वाली गैंग के खिलाफ पुलिसिया शिकंजा और कस गया है। सोमवार को पुलिस ने गैंग के चारों सदस्यों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस इन आरोपियों से वसूली गई लाखों की राशि बरामद करने और अन्य पीडि़तों का पता लगाने में जुटी है।

वसूली की राशि और ठिकानों की होगी तस्दीक

मामले की जांच कर रही पुर थाना पुलिस ने बताया कि रविवार को कोटड़ी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी अजय कुमार पांचाल, कालूलाल गुर्जर, नारायणलाल गुर्जर और नंदसिंह उर्फ पिंटू राणावत से रिमांड के दौरान कड़ी पूछताछ की जाएगी। पुलिस का मुख्य लक्ष्य उस राशि की रिकवरी करना है जो इन्होंने व्यापारियों को डरा-धमकाकर वसूली थी। साथ ही, आरोपियों को उन ठिकानों पर ले जाया जाएगा जहां इन्होंने वसूली की वारदातों को अंजाम दिया।

आईपीएस माधव पर बैठाई जांच, जीआरपी एसपी करेंगे

इस पूरे प्रकरण में ट्रेनी आईपीएस माधव उपाध्याय की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विजिलेंस जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी अजमेर जीआरपी एसपी नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। सूत्रों के अनुसार, जांच टीम व्हाट्सएप चैट और कुछ संदिग्ध डिजिटल इनपुट्स को आधार बनाकर तफ्तीश कर रही है। हालांकि, आईपीएस उपाध्याय ने खुद पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

जिले के खनन क्षेत्र में हडक़ंप

इस गैंग के पकड़े जाने और बड़े अधिकारियों के नाम उछलने के बाद भीलवाड़ा के खनन क्षेत्रों, विशेषकर कोटड़ी और काछोला इलाके के गारनेट कारोबारियों में हडक़ंप मचा हुआ है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में क्या विभाग के कुछ और निचले कर्मचारी या रसूखदार लोग भी शामिल थे।

Similar News