कोटड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई:: अफीम के साथ नीमच के दो तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा (हलचल)। जिले की कोटड़ी थाना पुलिस ने मंगलवार को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के नीमच जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 किलो 568 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसे बाइक में बड़ी चालाकी से छिपाकर ले जाया जा रहा था।
कांस्टेबलों की सतर्कता से पकड़ी गई खेप
जानकारी के अनुसार, कोटड़ी थाने के दो कांस्टेबलों ने कोटड़ी तालाब के पास सवाईपुर की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को रुकवाया। बाइक पर दो युवक सवार थे। संदेह होने पर कांस्टेबलों ने तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित किया। कोटड़ी थाना प्रभारी महावीर प्रसाद मीणा के बाहर होने के कारण पारोली थाना प्रभारी सियाराम मौके पर पहुंचे और कार्रवाई को अंजाम दिया।
चतुराई से बाइक में छिपाई थी अफीम
पुलिस ने जब बाइक की सघन तलाशी ली, तो उसमें बड़ी चालाकी से छिपाकर रखी गई अफीम बरामद हुई। वजन करने पर अफीम की मात्रा 1 किलो 568 ग्राम पाई गई। पुलिस ने शंभू 40 पुत्र किशना गुर्जर और सोपाल 41 पुत्र नाथू गुर्जर, निवासी बखतुनी (थाना मनासा, जिला नीमच, मप्र) को गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने अवैध अफीम व तस्करी में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई भीलवाड़ा में किसे दी जानी थी।