दिल्ली के पालम में भीषण अग्निकांड: पांच मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों सहित 9 की मौत
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ रामफल चौक के पास स्थित एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग जाने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। आग इतनी भयावह थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल की 30 गाड़ियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
दुकानों के ऊपर रह रहे थे परिवार
जानकारी के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी उसके बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें थीं, जबकि ऊपर की मंजिलों पर परिवार रह रहे थे। बताया जा रहा है कि इस इमारत में कुल 22 लोगों का परिवार रहता है, जिनमें से 10 से 12 लोग संयोगवश गोवा घूमने गए हुए थे। जो लोग घर पर मौजूद थे, वे इस भीषण आग और धुएं की चपेट में आ गए। रेस्क्यू टीम ने बिल्डिंग से 10 लोगों को बाहर निकाला, जिनमें से 9 की मौत हो गई। अन्य घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और कूलिंग प्रक्रिया जारी
डिप्टी फायर चीफ एसके दुआ ने बताया कि फिलहाल इमारत को ठंडा करने (कूलिंग) की प्रक्रिया चल रही है। इमारत के पूरी तरह ठंडी होने के बाद एक बार फिर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अंदर कोई और फंसा तो नहीं है। फिलहाल आग की लपटों पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत से अब भी धुएं का गुबार उठ रहा है। पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुट गए हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078
(Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
