भीलवाड़ा-नकली सरस घी बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी, एक गिरफ्तार
भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल। सुभाषनगर थाना पुलिस ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने की एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में वनस्पति घी, कॉटन सीड्स ऑयल और नामी ब्रांड 'सरस' के नकली रैपर व पैकिंग सामग्री जप्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार मिलावटखोरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि कांस्टेबल सोनू कुमार (1398) को सूचना मिली थी कि सुभाषनगर पश्चिम विस्तार में बायोस्कोप के सामने वाली गली में स्थित मकान नंबर 5, 6, 7 में अवैध रूप से नकली घी बनाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस ने सीएमएचओ कार्यालय के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार यादव और सरस डेयरी के प्रतिनिधियों को साथ लेकर मौके पर छापेमारी की।
भारी मात्रा में सामग्री और उपकरण जप्त
मौके पर आरोपी शंकर मगरिन्दा (45) पुत्र चुन्नीलाल निवासी मलाण, सुभाषनगर को मिलावटी घी तैयार करते हुए पाया गया। पुलिस ने वहां से 31 टिन तैयार नकली घी,32 टिन जैमिनी वनस्पति और 18 टिन रिश्ता कॉटन सीड्स ऑयल125 कुल टिन (भरे और खाली मिलाकर),सरस डेयरी के नकली हॉलमार्क, लेबल, कार्टून, पैकिंग मशीन और भट्टी जब्त की गई।
बीएनएस की नई धाराओं में मामला दर्ज
जांच में सामने आया कि आरोपी वनस्पति और कॉटन सीड्स ऑयल को मिलाकर उसे सरस डेयरी के नाम से पैक कर बाजार में सप्लाई करता था। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके से सैंपल लेकर एफएसएल जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318 (4), 274, 275 और कॉपीराइट अधिनियम 1957 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई के साथ सउनि साबीर मोहम्मद, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार, कांस्टेबल सोनू कुमार (विशेष भूमिका), सुनील (विशेष भूमिका), नरेश कुमार, सत्यपाल और भूपेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह माल किन-किन दुकानों पर सप्लाई करता था।
