अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस के AC फर्स्ट क्लास केबिन में TTE ने किया युवती से रेप
गोरखपुर | चलती ट्रेन में सुरक्षा और सुविधा का भरोसा देने वाले रेलकर्मी ने ही खाकी और पेशे को कलंकित कर दिया। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में टिकट दिलाने का झांसा देकर एक टीटीई (TTE) ने सेना भर्ती की तैयारी कर रही युवती के साथ एसी फर्स्ट क्लास के केबिन में दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
भरोसा देकर केबिन में ले गया आरोपी
पीड़िता मऊ की रहने वाली है और गोरखपुर में रहकर सेना में भर्ती की तैयारी कर रही है। रविवार को वह मऊ स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी। उसके पास टिकट नहीं था और वह एसी कोच में खड़ी थी। इंदारा स्टेशन के पास तैनात टीटीई ने उसे सीट दिलाने का भरोसा दिया और एसी फर्स्ट क्लास के केबिन में ले जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
शोर मचाने पर भागा, देवरिया में हुआ फरार
युवती ने जब हिम्मत जुटाकर शोर मचाना शुरू किया, तो आरोपी घबराकर उसे छोड़कर भाग निकला। पीड़िता ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। आरोपी टीटीई को जैसे ही पुलिस की भनक लगी, वह देवरिया स्टेशन पर उतरकर गायब हो गया। गोरखपुर पहुँचकर पीड़िता ने जीआरपी थाने में आपबीती सुनाई।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
जीआरपी पुलिस ने बताया कि आरोपी टीटीई बिहार का रहने वाला है। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही हैं और रेलवे के उच्च अधिकारियों को भी इस गंभीर वारदात की रिपोर्ट भेज दी गई है।