दिल्ली विधानसभा और लाल किला को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही हड़कंप
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर सोमवार दोपहर हड़कंप मच गया. यहां लाल किला और दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह धमकी एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं.
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को सुबह करीब 8 बजे एक ईमेल मिला, जिसमें विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. यही ईमेल दिल्ली विधानसभा की आधिकारिक आईडी पर भी भेजा गया है. मेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया.
पुलिस जांच में फर्जी निकली धमकी
इसी बीच दिल्ली सचिवालय को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली. इसी मेल में लाल किले और आर्मी स्कूल को भी बम से उड़ाने का जिक्र है. हालांकि इन दोनों जगहों पर चेकिंग में यह मेल फर्जी निकला है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे इस संबंध में कॉल मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल विभाग और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर भेजी गईं. धमकी के बाद दिल्ली विधानसभा, सचिवालय और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया. बम निरोधक दस्ता, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं. फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.