संगीतमय प्रार्थना सभा में गूंजा बापू का संदेश: विधायक कोठारी बोले- गांधी के आदर्शों से ही बनेगा सशक्त समाज
भीलवाड़ा (हलचल)। टाउन हॉल में रसधारा संस्थान द्वारा आयोजित संगीतमय प्रार्थना सभा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश स्वर लहरियों के साथ गूंज उठे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सकारात्मक चिंतन को जीवन में आत्मसात करके ही एक सशक्त, संवेदनशील और समरस समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने संगीत और प्रार्थना को मन की शांति और करुणा का आधार बताया।
आत्मचिंतन और संवाद की आवश्यकता
प्रार्थना सभा के संयोजक लक्ष्मीनारायण डाड ने समाज में बढ़ते विवादों पर चिंता जताते हुए कहा कि आज पारस्परिक व्यवहार को विवाद से हटाकर संवाद और प्रार्थनाबोध की ओर ले जाने की आवश्यकता है।
भजनों और गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण
समारोह की शुरुआत शारदा सोलंकी द्वारा प्रस्तुत रामधुन से हुई। इसके बाद कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं:
मीना, दिव्या एवं चारुल भट्ट: “तेरी पनाह में हमें रखना, सीखे हम नेक राह पर चलना”
हेमांग सोलंकी: “हम लाए हैं तूफान से कश्ती निकाल के”
गौरीशंकर: “इंसान का इंसान से हो भाईचारा” (सभागार झूम उठा)
तिलोक छाबड़ा (अध्यक्ष, रसधारा): अपनी रचना “आजादी का मतलब बंदे जान सके तो जान” से आत्ममंथन की प्रेरणा दी।
मुरलीधर व्यास: मेवाड़ की शौर्यगाथा “कदे झुक्यो नी सबल सुरंगों” से देशभक्ति का जज्बा भरा।
पंकज जैन: “ओ दुनिया के रखवाले” की मर्मस्पर्शी प्रस्तुति दी।
इन अतिथियों की रही उपस्थिति
रसधारा संस्थान के संस्थापक गोपाल आचार्य एवं आयोजन प्रबंधक बाबूलाल जाजू ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अशोक कोठारी, पूर्व न्यास अध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी, उपसभापति रामलाल योगी, प्रकाश छाबड़ा, पूर्व सभापति ओम नाराणीवाल, सीए दिलीप गोयल सहित गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। अंत में संस्थान के अध्यक्ष तिलोक चंद छाबड़ा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
समाचार के लिए संपर्क: प्रेम कुमार गढवाल (9413376078)
ईमेल: bhilwarahalchal@gmail.com
विज्ञापन: विजय गढवाल (6377364129)
सम्पर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
