अवैध बजरी परिवहन पर बड़लियास पुलिस का कड़ा प्रहार, बनास नदी से दबिश देकर चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
सवाईपुर (सांवर वैष्णव/हलचल)। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़लियास पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गेगा का खेड़ा गांव के पास बनास नदी क्षेत्र में दबिश देकर अवैध बजरी से भरी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है।
एसपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान
थाना प्रभारी मुन्नीराम चोयल ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। इसी कड़ी में पुलिस टीम को सूचना मिली कि बनास नदी क्षेत्र से बजरी का अवैध परिवहन किया जा रहा है।
गेगा का खेड़ा के पास की कार्रवाई
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रविवार शाम गेगा का खेड़ा गांव के पास दबिश दी। पुलिस को देखकर चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से बजरी ले जा रहे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर थाने पहुंचाया। इस कार्रवाई की सूचना तत्काल खनन विभाग को दे दी गई है ताकि नियमानुसार जुर्माना व अन्य विधिक कार्रवाई की जा सके।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगामी दिनों में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
समाचार के लिए संपर्क: प्रेम कुमार गढवाल (9413376078)
ईमेल: bhilwarahalchal@gmail.com
विज्ञापन: विजय गढवाल (6377364129)
सम्पर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
