साँवरिया सेठ मंदिर में वर्षभर बहेगी भक्ति की बयार, ट्रस्ट ने जारी किया उत्सवों का कैलेंडर

Update: 2026-04-11 15:55 GMT

 

भीलवाड़ा  । नौगांवा के प्रसिद्ध श्री सांवरिया सेठ मंदिर में आगामी वर्ष भक्ति और उत्सवों से सराबोर रहेगा। मंदिर ट्रस्ट की हाल ही में संपन्न हुई महत्वपूर्ण बैठक में वर्ष 2026-27 (विक्रम संवत 2083) के लिए धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए विस्तृत सूची जारी की गई है। श्रद्धालुओं की भारी आवक को देखते हुए इस बार दर्शन व्यवस्थाओं में विशेष बदलाव किए गए हैं, जिससे भक्तों को सुलभ दर्शन हो सकेंगे।

अमावस्या, पूर्णिमा व रविवार को दिनभर खुलेंगे पट

ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि अब प्रत्येक अमावस्या, पूर्णिमा और रविवार को मंदिर में विशेष दर्शन व्यवस्था रहेगी। इन दिनों में श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन पट खुले रहेंगे। साथ ही प्रत्येक अमावस्या और पूर्णिमा पर विशेष अभिषेक, हवन और भजन-कीर्तन के आयोजन होंगे। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल और कतार प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि उत्सवों के दौरान भीड़ को सुचारू रूप से नियंत्रित किया जा सके।

मई से शुरू होगा उत्सवों का सिलसिला

जारी कैलेंडर के अनुसार, आयोजनों की शुरुआत 17 मई 2026 से 'श्री पुरुषोत्तम मास महोत्सव' के साथ होगी, जो 15 जून तक चलेगा। 31 मई को ज्येष्ठ पूर्णिमा पर ठाकुर जी नौका विहार करेंगे। वहीं, 4 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी और 19 सितंबर को राधाष्टमी का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। सितंबर माह में ही 22 तारीख को जल झूलनी एकादशी पर मंदिर परिसर में मेला भरेगा और ठाकुर जी का बेवाण निकाला जाएगा।

दीपावली और होली पर भी विशेष आयोजन

शीतकाल के दौरान 1 नवंबर को पाटोत्सव और 10 नवंबर को अन्नकूट महोत्सव (गोवर्धन पूजा) का आयोजन होगा। पौष माह में मंदिर परिसर भजनों से गुंजायमान रहेगा, वहीं फाल्गुन मास में फूलों की होली और फागोत्सव का रंग चढ़ेगा। वर्ष के अंत में 6 अप्रैल 2027 को चैत्र वदी अमावस्या पर छप्पन भोग और फूलडोल महोत्सव के साथ नववर्ष का स्वागत किया जाएगा।

नर्बदेश्वर महादेव का होगा अभिषेक

मुख्य मंदिर के साथ-साथ परिसर स्थित नर्बदेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रावण मास के दौरान विशेष अभिषेक किए जाएंगे। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने भक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर पहूंचकर श्री सांवरिया सेठ की अखंड ज्योत के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करें। विशेष दर्शनों के लिए ग्यारस, पूर्णिमा और रविवार को प्रमुख केंद्र माना गया है। 30 अप्रैल 2026 गुरुवार को बैसाख शुक्ल चतुर्दशी पर नरसिंह अवतार प्राकट्य महोत्सव मनाया जाएगा। 

Similar News