अवैध बजरी परिवहन करते तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
गेंदलिया। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़लियास थाना पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशों की पालना में पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है।
बेड़च नदी क्षेत्र में दी दबिश
थानाधिकारी जसवंत सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने क्षेत्र में गश्त के दौरान खारों का खेड़ा से बेड़च नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकेबंदी की। इस दौरान अवैध रूप से बजरी भरकर ले जा रहे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रुकवाया गया। चालकों द्वारा बजरी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पेश नहीं करने पर पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया।
पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) गोपाल सिंह, हेड कांस्टेबल बजरंग लाल, कांस्टेबल दिनेश कुमार लक्ष्कार और विनोद कुमार कारगवाल शामिल थे। पुलिस ने सभी जब्त वाहनों को थाने में खड़ा करवाकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।