मोठी ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान का आगाज: 2047 तक का बनेगा मास्टर प्लान

Update: 2026-04-11 10:57 GMT

बदनोर (हलचल)। उपखंड के बदनोर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मोठी में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/शहरी वार्ड अभियान-2026 के अंतर्गत विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। "विकसित ग्राम – विकसित राजस्थान, विकसित भारत" की थीम पर आयोजित इस सभा में गांव के सुनियोजित विकास के लिए व्यापक मास्टर प्लान निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है।

यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2026-27 के बिंदु संख्या 56 की अनुपालना में आयोजित किया गया। ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास की योजनाओं पर गहन चर्चा करना और विकास कार्यों में जनभागीदारी को सीधे तौर पर जोड़ना था।

लाइव डेटा फीडिंग का हुआ प्रदर्शन

बदनोर विकास अधिकारी धर्मपाल ने जानकारी दी कि अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रभारी सचिव के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर ग्राम सभा में "हैंड्स ऑन सत्र" का आयोजन किया जाएगा। इसमें डैशबोर्ड पर डेटा फीडिंग, आमजन को जागरूक करने और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई। सभा के दौरान 11 निर्धारित सर्वे प्रपत्रों पर ग्रामीणों से संवाद कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई और सचिव के समक्ष लाइव डेटा प्रविष्टि का प्रदर्शन भी किया गया।

तीन चरणों में होगा गांव का कायाकल्प

मोठी ग्राम पंचायत में मास्टर प्लान निर्माण की यह प्रक्रिया 19 मार्च से शुरू होकर 15 मई तक चलेगी। इसके तहत विकास लक्ष्यों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है:

अल्पकालीन (2030 तक): सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल और सार्वजनिक भवनों का रखरखाव।

मध्यकालीन (2035 तक): कृषि विस्तार, सिंचाई योजनाएं, कौशल विकास और रोजगार सृजन।

दीर्घकालीन (2047 तक): आत्मनिर्भर और समृद्ध ग्राम विकास का पूर्ण रोडमैप।

अभियान के दौरान कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल सुरक्षा और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का विस्तृत आकलन कर भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप खाका तैयार किया जाएगा। प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से इस महाभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

Tags:    

Similar News