अमेरिका-ईरान तनाव के बीच सोने-चांदी में भारी गिरावट
वैश्विक स्तर पर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी भू-राजनीतिक तनाव का असर अब सर्राफा बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। अनिश्चितता के इस माहौल में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को सोने की कीमतों में 5,000 रुपए से अधिक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
कीमतों में रिकॉर्ड गिरावट
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, गुरुवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 5,346 रुपए घटकर 1.46 लाख रुपए (लगभग) पर आ गई है। बुधवार को यही भाव 1.51 लाख रुपए के स्तर पर था।
चांदी की बात करें तो इसमें और भी बड़ी गिरावट देखी गई है। एक किलो चांदी की कीमत 15,176 रुपए घटकर 2.25 लाख रुपए रह गई है। गौरतलब है कि 25 मार्च को चांदी 2.40 लाख रुपए के उच्चतम स्तर के करीब थी। पिछले 34 दिनों में सोना 13,590 रुपए और चांदी 42,040 रुपए तक सस्ती हो चुकी है।