स्कूल चलो अभियान: जबरकिया में प्रवेश उत्सव के तहत निकाली जागरूकता रैली
जबरकिया (भेरु लाल गुर्जर)। आसींद क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जबरकिया में 'प्रवेश उत्सव' के अंतर्गत भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने 'स्कूल चलो अभियान' के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा का महत्व समझाया और घर-घर जाकर संपर्क किया।
प्रधानाध्यापक बलवीर मीणा ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में 6 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और ड्रॉपआउट दर (बीच में पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों की संख्या) को कम करना है।
गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली
अध्यापक घनश्याम कुमावत के अनुसार, शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए यह रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मोहल्लों और मार्गों से गुजरी। ग्रामीणों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों का उत्साह और गूंजे नारे
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया। विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर "मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल जाकर नाम लिखाओ" जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए। नए सत्र को लेकर उत्साहित छात्राओं ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से उन्हें पढ़ाई के प्रति नया जोश मिलता है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक बलवीर मीणा, घनश्याम कुमावत, प्रकाश शर्मा, भंवरलाल, इंद्रमल, अध्यापिका ममता जाट, तारा जाट, कृष्णा शर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
