बैरागी समाज द्वारा 2 अप्रैल को मनाया जाएगा हनुमान जन्मोत्सव, निकलेगी भव्य शोभायात्रा
भीलवाड़ा (राजाराम वैष्णव)। आम मेवाड़ वैष्णव बैरागी समाज द्वारा आगामी 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए समाज द्वारा तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।
समाज के महामंत्री प्रेमदास बरड़ौद ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह समस्त आयोजन कार्यक्रम अध्यक्ष रतन दास वैष्णव (मडंपिया) के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। हरनी महादेव मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रहेगी।
धार्मिक कार्यक्रमों का शेड्यूल:
प्रातः 6:30 बजे: हनुमान जी का विशेष अभिषेक।
प्रातः 7:30 बजे: विधि-विधान से हवन पूजन।
प्रातः 9:30 बजे: सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ।
दोपहर 12:30 बजे: सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति।
भव्य शोभायात्रा और ध्वजारोहण
दोपहर में सिद्धबली हनुमान मंदिर, रामानंद भवन (लव गार्डन रोड) से महंत श्री 108 जागेश्वर दास जी के सानिध्य में ध्वज पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात ध्वज के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाज के श्रद्धालु अपने-अपने वाहनों के साथ सम्मिलित होंगे। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दोपहर 1:00 बजे हनुमान मंदिर पहुंचेगी।
मंदिर प्रांगण में पहुंचने पर पुनः ध्वज पूजन, महाआरती और मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न होगा। अंत में बालाजी महाराज को भोग अर्पित कर भक्तों में प्रसाद वितरण किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों ने सभी समाजजनों से इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
