तबीयत बिगड़ने पर छांव में रुके साइकिल सवार की मौत, फैली सनसनी
सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। बड़लियास थाना क्षेत्र में बेड़च नदी के किनारे एक साइकिल सवार की अचानक तबीयत बिगड़ने और फिर मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतक युवक बरूदनी की ओर से नदी पार कर बड़लियास की तरफ आ रहा था।
बड़लियास थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि युवक साइकिल पर सवार होकर बेड़च नदी किनारे से गुजर रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और वह असंतुलित होकर गिर पड़ा। इसके बाद वह पास ही एक पेड़ की छांव और चबूतरे के सहारे सुस्ताने के लिए रुका, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मृत्यु हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
दस्तावेजों से हुई पहचान
सूचना मिलते ही एएसआई जेठमल और दीवान सावलदान मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक के पास मिले दस्तावेजों की जांच की, जिससे उसकी पहचान नंदलाल (40) पिता भंवर भील, निवासी बिछौर, थाना पारसोली (चित्तौड़गढ़) के रूप में हुई।
अस्पताल ले जाया गया शव
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटड़ी चिकित्सालय भिजवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।