शांति और भाईचारे के साथ मनाएं आगामी त्योहार: भीलवाड़ा पुलिस ने ली CLG सदस्यों की बैठक
भीलवाड़ा। आगामी त्योहारों—होली, धुलंडी, रमजान और ईद—के मद्देनजर शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में सीओ शहर (CO City) सज्जन सिंह व कोतवाल शिवराज गर्जर की अध्यक्षता में थाना कोतवाली परिसर में सीएलजी सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
प्रशासन की अपील: भाईचारे की मिसाल पेश करे भीलवाड़ा
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि भीलवाड़ा हमेशा से ही आपसी सौहार्द का केंद्र रहा है। आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी वर्गों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बैठक में ये प्रबुद्ध नागरिक रहे उपस्थित
शहर के गणमान्य नागरिकों और सीएलजी सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में मनीष सवधानी, सुरेश बम, ऋषिपाल ,इकबाल , अनूप सागानेरिया, विजय नुवाल,मोहम्मद इदरीश, सलीम जी, राजेंद्र कुमार एवं अन्य सक्रिय सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बैठक में तय किया गया कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही, सीएलजी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सेतु का कार्य करेंगे। अधिकारियों ने अंत में सभी को आने वाले त्योहारों की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।