हरि शेवा आश्रम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब: कलक्टर संधू ने लिया सुरक्षा का जायजा, चार मुख्यमंत्री और राज्यपाल की भी जुटने की संभावना
भीलवाड़ा । हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के पावन मार्गदर्शन में भव्य सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षादान समारोह का आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक महोत्सव का विधिवत शुभारंभ 19 फरवरी को सुबह 9 बजे श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर से भव्य श्रीमद् भागवत महापुराण कलश यात्रा के साथ होगा। 26 फरवरी तक चलने वाला यह आठ दिवसीय महोत्सव किसी 'मिनी कुंभ' से कम नहीं होगा, जिसमें देशभर के सैकड़ों संत-महंतों, महामंडलेश्वरों और शंकराचार्य के दर्शनों का लाभ श्रद्धालुओं को मिलेगा।
आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े 20 फरवरी को और विधानसभा अध्यक्ष 22 फरवरी को शिरकत करेंगे। इसके अतिरिक्त लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आगमन की भी प्रबल संभावना है, जिसके लिए संबंधित कार्यालयों ने विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने यूआईटी सेक्रेट्री आईएएस ललित गोयल और एडीएम सिटी प्रतिभा देवठिया के साथ आश्रम का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महामंडलेश्वर हंसराम जी से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा, यज्ञ-हवन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। सेवा कार्यों की शुरुआत श्रद्धा और आस्था के साथ अग्नि प्रवेश और भंडारा कोठार सेवा के शुभारंभ से की जा चुकी है।
इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के साथ महंत हनुमानराम, महंत जमनादास, संत अर्जुनदास सहित कई संतों और ब्रह्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस महोत्सव में उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर स्वामी गुरुशरणानंद महाराज (रमणरेती), बाबा कल्याणदास महाराज (अमरकंटक), स्वामी भास्करानंद महाराज और मलूकपीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्रदास देवाचार्य महाराज जैसे महान संतों का सानिध्य और आशीर्वचन भी प्राप्त होगा।