भीलवाड़ा |माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय की रेंजर्स यूनिट का चार सदस्यीय दल मनाली में आयोजित नेशनल यूथ एडवेंचर कैम्प में भाग लेकर मंगलवार को लौट आया। द भारत स्काउट एंड गाइड के हरियाणा स्थित नेशनल यूथ एडवेंचर संस्थान गडपुरी (पलवल) के द्वारा हिमाचल प्रदेश के मनाली के सरसई हिल स्टेशन पर दिनांक 8 से 12 फरवरी तक राष्ट्रीय स्तर का यह कैंप संचालित हुआ। प्राचार्य डॉ. संतोष आनंद ने बताया कि इस दल में विजया कंवर राठौड़, कृष्णा माली, मनीषा मीणा और खुशी प्रजापत ने बतौर रेंजर्स प्रतिभागी राजस्थान राज्य का प्रतिनिधित्व किया है।
इन पांच दिनों में इन्होंने जिप लाइनिंग, रोप क्लाइंबिंग, गन शूटिंग, स्नो रॉक क्लाइंबिंग, आर्चरी, ट्रेकिंग सहित अनेक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा हिमालय की दुर्गम एवं बर्फीली घाटियों में स्थित सोलंग वैली, स्नो प्वाइंट, व्यासनदी, हिडिंबा देवी मंदिर, गौरीशंकर मंदिर और तिब्बती बौद्ध मठ के ट्रुप में भी भाग लिया। रोवर लीडर डॉ. धर्मेंद्र चौधरी और डॉ. प्रवीण कुमार जोशी ने दल का स्वागत किया।