भीलवाड़ा के उद्यान बदहाल: करोड़ों खर्च के बावजूद 90 प्रतिशत पार्क उजाड़, कलेक्टर-आयुक्त से सुधार की मांग

By :  vijay
Update: 2026-04-08 17:00 GMT


भीलवाड़ा शहर के उद्यानों की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू एवं नगर निगम आयुक्त हेमाराम चैधरी का ध्यान आकर्षित कर नगर निगम व नगर विकास न्यास के अधीन आने वाले पार्कों की दुर्दशा पर चिंता जताई है।

जाजू ने बताया कि करोड़ों रूपया खर्च करने के बावजूद पिछले 3 वर्षों में पार्कों की स्थिति बदहाल है जिसका मुख्य कारण जिम्मेदार अधिकारियांे की अनदेखी, लापरवाही एवं मिलीभगत है। जाजू ने कहा कि शहर के करीब 90 प्रतिशत उद्यान रखरखाव के अभाव में उजाड़ हो चुके हैं। नियमित निराई-गुड़ाई, पिलाई, देखभाल और सुरक्षा नहीं होने से पौधे सूखते जा रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर घास और झाड़ियां अनियंत्रित रूप से फैल गई हैं। इससे उद्यानों की सुंदरता और उपयोगिता दोनों प्रभावित हो रही हैं। जाजू ने जिला कलक्टर एवं आयुक्त से स्वयं मौके पर जाकर बदहाल उद्यानों का निरीक्षण करने का आग्रह किया। जाजू ने कहा कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो उद्यानों की स्थिति और बिगड़ेगी। जाजू ने प्रशासन से उद्यानों में सफाई, घास कटिंग, पौधों की देखभाल और निराई, गुड़ाई, पिलाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि आमजन को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके। उल्लेखनीय है कि उद्यानों में भ्रमण करने वाले आमजनों द्वारा अनेक बार जाजू को दूरभाष पर पार्कों की बदहाल स्थिति जाहिर की है, एवं जाजू द्वारा मौके पर जाकर उद्यानों की स्थिति का भी अवलोकन किया गया है।

Similar News