हत्या के प्रयास में एक साल से फरार स्थाई वारंटी सहित 4 गिरफ्तार
भीलवाड़ा (हलचल)। जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजौलिया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी सहित कुल चार वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
विशेष अभियान के तहत बिछाया जाल
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन व वृत्ताधिकारी (मांडलगढ़) बाबूलाल विश्नोई के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
राजेंद्र ओड सहित ये अपराधी चढ़े हत्थे
पुलिस टीम ने सघन कार्रवाई करते हुए एसीजेएम कोर्ट मांडलगढ़ के प्रकरण संख्या 57/2017 (हत्या का प्रयास) में करीब एक साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी राजेंद्र पुत्र भुवाना ओड (निवासी अमरपुरा, काछोला) को उसके गांव से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। इसके अलावा, बिजौलिया न्यायालय के अलग-अलग प्रकरणों में वांछित तीन अन्य स्थाई वारंटियों को इकबाल पुत्र अब्दुल गफूर , जावेद पुत्र शहाबुद्दीन हुसैन व् अरुण पुत्र भगवती लाल भट्ट भी दबोचा गया ।
न्यायालय में किया पेश
पुलिस ने सभी गिरफ्तार वारंटियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उनके प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इस पूरी कार्रवाई और वारंटियों के निस्तारण में कांस्टेबल हेमाराम (2169) और कांस्टेबल शिवपाल (1615) का विशेष और महत्वपूर्ण योगदान रहा।