भरक में अवैध कोयला भट्टी पर कार्रवाई, 208 कट्टे कोयला जब्त

Update: 2026-03-07 07:00 GMT

गंगापुर (हलचल)। उपखंड क्षेत्र की भरक ग्राम पंचायत में अवैध रूप से संचालित एक कोयला भट्टी पर प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद हुई इस कार्रवाई में मौके से भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध कोयला भट्टियों के संचालन की लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों की पुष्टि के बाद तहसील प्रशासन की टीम ने जाप्ते के साथ मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान वहां भारी मात्रा में तैयार कोयला पाया गया, जिसे तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिया गया। मौके पर कुल 208 कट्टे कोयला मिला, जिसमें प्रत्येक कट्टे का वजन लगभग 40 किलो था।

दमकल और पुलिस जाप्ते के साथ हुई कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए नगरपालिका की दमकल टीम को भी मौके पर तैनात रखा गया। टीम में गिरदावर तुलसीराम माली, ग्राम विकास अधिकारी राजकुमार आगाल और पुलिस बल के जवान शामिल थे। अधिकारियों ने मौके पर ही जब्ती का पंचनामा और मौका पर्चा तैयार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

संचालक को किया पाबंद

प्रशासन ने जब्त किए गए कोयले को अवैध भट्टी संचालक इशाक मोहम्मद (निवासी पोटला) के सुपुर्द कर उसे आगामी विधिक कार्रवाई के लिए पाबंद किया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध कोयला भट्टियों और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Tags:    

Similar News