माण्डलगढ़ में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित ट्रैक्टर ने तीन श्रमिकों को रौंदा, एक की मौत

Update: 2026-02-27 06:39 GMT

माण्डलगढ़ (हलचल)। माण्डलगढ़ थाना क्षेत्र के जोजवा गाँव के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जहाँ एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने काम पर जा रहे तीन श्रमिकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में एक श्रमिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और ग्रामीणों सहित श्रमिक यूनियन ने फैक्ट्री के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों श्रमिक माण्डलगढ़ स्थित एक निजी टेक्सटाइल फैक्ट्री में अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान जोजवा गाँव के पास बनास नदी की ओर बजरी भरने जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्रमिक उदय सिंह की मौके पर ही सांसें थम गईं। सूचना मिलते ही बीगोद थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।

परिजनों में आक्रोश, फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और साथी श्रमिकों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और श्रमिक यूनियन के पदाधिकारियों ने माण्डलगढ़ टेक्सटाइल फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में अवैध रूप से दौड़ते तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर लगाम कसी जाए।

अस्पताल में घायलों का उपचार जारी

पुलिस ने मृतक उदय सिंह के शव को कब्जे में लेकर बीगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया है, जहाँ पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, हादसे में घायल हुए अन्य दो श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।

Tags:    

Similar News