प्रदेश में थमा निजी बस ऑपरेटरों का पहिया फिर चला, जयपुर कलेक्टर से वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त
भीलवाड़ा (हलचल)। राजस्थान में पिछले कुछ समय से चल रही निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल गुरुवार देर रात समाप्त हो गई है। जयपुर जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी और परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ हुई मैराथन बैठक में कुछ प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद ऑपरेटरों ने आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेशभर में आज रात से निजी बसों का संचालन पुनः सुचारू हो जाएगा।
देर रात बनी सहमति, विधानसभा सत्र के बाद पूरी होंगी शेष मांगें
परिवहन मुख्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में कलेक्टर जितेंद्र सोनी, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर पुरुषोत्तम शर्मा और ऑल राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने कुछ मांगों को तत्काल मान लिया है, जबकि शेष मांगों को आगामी विधानसभा सत्र की समाप्ति के बाद पूरा करने का ठोस आश्वासन दिया गया है।
होली पर घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत
गौरतलब है कि इस हड़ताल के कारण प्रदेशभर में करीब 35 हजार निजी बसों के पहिए थम गए थे। होली के त्यौहार के मद्देनजर घर जाने वाले हजारों यात्री विभिन्न राज्यों और शहरों में फंस गए थे। बसों के दोबारा शुरू होने से अब आमजन और प्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
