मांडल के भैरूलाल संस्कृत शिक्षा बोर्ड परीक्षा में जिला स्तर पर रहे प्रथम
भीलवाड़ा (हलचल)। शिक्षा के क्षेत्र में भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे का नाम एक बार फिर रोशन हुआ है। मांडल विधानसभा क्षेत्र के निवासी भैरूलाल बलाई ने बोर्ड परीक्षा (प्रवेशिका) में 90 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले के राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालयों की सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
भैरूलाल पुत्र बालू बलाई की इस असाधारण उपलब्धि पर मेघवंशी समाज द्वारा विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मेघवंशी युवा परिषद के जिलाध्यक्ष शंकर मेघवंशी, छात्रावास कमेटी अध्यक्ष भंवर मेघवंशी एवं समस्त कार्यकारिणी के सदस्यों ने होनहार छात्र का उत्साहवर्धन किया।
उपस्थित वक्ताओं ने भैरूलाल को भविष्य में भी इसी प्रकार कड़ी मेहनत जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। ग्रामीणों और समाज के वरिष्ठ जनों ने मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस गौरवशाली उपलब्धि से पूरे मांडल कस्बे और मेघवंशी समाज में हर्ष की लहर है।