भीलवाड़ा की नेहरू तलाई बनेगी पर्यटन स्थल, 18 करोड़ की परियोजना प्रस्तावित
भीलवाड़ा। शहर के प्राइवेट बस स्टैंड के सामने स्थित नेहरू तलाई अब आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित की जाएगी। नगर विकास न्यास (यूआईटी) इसके सौंदर्यीकरण और विकास पर लगभग 18 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
इस परियोजना के लिए जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में यूआईटी सेक्रेट्री ललित गोयल ने मैसर्स डेरा कंसल्टेंट, मथुरा से री-डवलपमेंट के कार्य की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाई है। परियोजना की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति राज्य सरकार से प्राप्त की जानी है। यूआईटी ने स्वीकृति हेतु नगरीय विकास विभाग को पत्र भेज दिया है।
डीपीआर के अनुसार नेहरू तलाई के दोनों ओर स्थित राजीव गांधी पार्क और नेहरू उद्यान का भी पुनर्विकास किया जाएगा। प्रस्तावित योजनाओं में टॉय ट्रेन, जेटी बोटिंग, फूड प्लाजा, घूमने के लिए वॉकिंग ट्रैक, घाटों का विकास, पार्किंग सुविधा, हॉरर हाउस, पेंटिंग वॉल और फव्वारों की विविध सजावट शामिल है।
इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए किड्स प्ले जोन, इको स्मार्ट टॉयलेट, तलाई के पानी को ट्रीट करने की व्यवस्था और भीलवाड़ा के इतिहास को दर्शाती एक विशेष दीवार भी बनाई जाएगी।
नगर विकास न्यास का यह प्रयास न केवल शहरवासियों के लिए मनोरंजन और सैर-सपाटे की नई सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।
