सहाड़ा में शर्मनाक तस्वीर! जिंदा लोगों के लिए सराय चमक रही, मुर्दों को जलाने के लिए टीन शेड तक नहीं… विकास पर उठे बड़े सवाल
भीलवाड़ा |सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र चीड़ खेडां में विकास के दावों की पोल खोलता एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। श्मशान घाट पर जीवित लोगों के बैठने और ठहरने के लिए सराय का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन मुर्दों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए टीन शेड तक की व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों में इस मामले को लेकर जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि दुख की घड़ी में भी उन्हें अपने परिजनों का अंतिम संस्कार धूप, बारिश और कड़ाके की ठंड के बीच खुले आसमान के नीचे करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने तीखे अंदाज में सवाल उठाए हैं कि क्या सरकार का विकास केवल दिखावे तक सीमित रह गया है? जब श्मशान घाट जैसी मूलभूत और संवेदनशील सुविधा ही अधूरी पड़ी है तो विकास के बड़े-बड़े दावों पर सवाल उठना लाजमी है।
सूत्रों की मानें तो ग्रामीणों द्वारा कई बार इस समस्या को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
अब पूरे क्षेत्र की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र में उठे इस गंभीर मुद्दे पर सरकार और प्रशासन कब जागेगा और कब तक श्मशान घाट पर टीन शेड बनवाकर ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
