भीलवाड़ा बीएचएन। शहर के शास्त्रीनगर इलाके में अरिहंत हॉस्पिटल के समीप एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है, जिसमें एक अज्ञात युवक की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया गया। पहचान के अभाव में शव को सुरक्षित रखवाया गया है।
कोतवाली थाने के एएसआई गजराज ने बताया कि अरिहंत हॉस्पिटल क्षेत्र स्थित नाले के नजदीक करीब 25 वर्षीय युवक को किसी वाहन ने चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस टीम पहुंची। वहां युवक का शव और उसके नजदीक ही कबाड़ का बोरा पड़ा मिला। पहचान के लिए एक मात्र सुराग मृतक के सीधे हाथ पर गुदा हुआ दिनेश नाम है। मृतक काले रंग का शर्ट और जींस पहने हुआ है। प्रारंभिकतौर पर पुलिस का मानना है कि युवक संभवतया कबाड़ बिनने वाला हो सकता है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में युवक की पहचान के प्रयास कर रही है।