विजय सिंह पथिक नगर पार्क में महिलाओं ने निकाली शोभायात्रा, लोकगीतों से गूंजा वातावरण
भीलवाड़ा (रमेश चंद्र डाड) भीलवाड़ा स्थित विजय सिंह पथिक नगर पार्क में क्वीन्स ग्रुप के तत्वावधान में गणगौर महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर गणगौर माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रुप की सहसंयोजिका रानू शर्मा ने कहा कि " गणगौर महोत्सव हमारी संस्कृति और परम्परा का प्रतीक है। इसे मनाना हम सभी के लिये गौरव का प्रतीक है ।"
महोत्सव के दौरान महिलाओं ने सजी-धजी गणगौर प्रतिमाओं के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पार्क परिसर में उत्सव का उल्लास देखते ही बन रहा था।
इस आयोजन को सफल बनाने में क्वीन्स ग्रुप की अहम भूमिका रही। ग्रुप की सदस्यों ने पूरे समर्पण के साथ कार्यक्रम का संचालन किया जिससे आयोजन आकर्षक और सुव्यवस्थित रहा।