ईरान युद्ध भड़का: दुबई पर दागी 12 मिसाइलें, 2 भारतीय घायल; IRGC की अमेरिकी टेक कंपनियों को धमकी

Update: 2026-03-31 16:47 GMT


  मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव अब और खतरनाक मोड़ लेता दिख रहा है। ईरान ने एक साथ 8 बैलिस्टिक और 4 क्रूज मिसाइलें दुबई पर दाग दीं। गनीमत रही कि मिसाइलों को हवा में ही मार दिया गया, लेकिन मलबा रिहायशी इलाके में गिरने से दो भारतीय नागरिकों समेत चार लोग घायल हो गए। गवर्नमेंट ऑफ दुबई मीडिया ऑफिस ने एक्स पर पोस्ट कर पुष्टि की है कि दक्षिणी दुबई में गिरे मलबे से दो भारतीय, एक बांग्लादेशी और एक श्रीलंकाई नागरिक को मामूली चोटें आई हैं। स्थिति को उच्चतम सुरक्षा मानकों के तहत तुरंत काबू में कर लिया गया है।



 


इस बीच, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिकी टेक कंपनियों को निशाना बनाने की खुली धमकी दी है। IRGC ने इन कंपनियों के कर्मचारियों से तुरंत जगह खाली करने को कहा है। तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, आतंकवादी लक्ष्यों को ट्रैक करने में अमेरिकी ICT और AI कंपनियों की मुख्य भूमिका है। IRGC ने चेतावनी दी है कि यदि और ईरानी नेता मारे गए, तो रात 8 बजे से बोइंग, टेस्ला, मेटा, गूगल और एप्पल सहित 18 कंपनियों पर हमला शुरू होगा।

उधर, ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने देश में दवा कंपनियों पर हमले के लिए इजराइल की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इजराइल में मौजूद युद्ध अपराधी खुलेआम दवा कंपनियों पर बमबारी कर रहे हैं और निहत्थे नागरिकों को निशाना बना रहे हैं, जिसका ईरानी सेना कड़ा जवाब देगी। वहीं, इजराइल की सेना का दावा है कि उसने पिछले 24 घंटों में पूरे ईरान में 230 से ज्यादा हमले किए हैं ताकि ईरानी सैन्य क्षमता को कमजोर किया जा सके। कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने भी पिछले 24 घंटों में ईरान की ओर से आए पांच बैलिस्टिक मिसाइलों और सात ड्रोनों को मार गिराने का दावा किया है।

इस वैश्विक तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका अब किसी देश की मदद नहीं करेगा। ट्रम्प ने कहा कि ब्रिटेन जैसे देश जो होर्मुज स्ट्रेट से फ्यूल नहीं ले पा रहे हैं, उन्हें खुद हिम्मत दिखाकर तेल लाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि ईरान काफी कमजोर हो चुका है। इस बीच, लेबनान की राजधानी बेरुत में इजराइल की एयरस्ट्राइक से एक इमारत तबाह हो गई है। युद्ध के कारण लेबनान में लगभग 10 लाख लोग बेघर हो गए हैं।

Similar News