मुंबई में हवाई जहाज में आई तकनीकी गड़बड़ी, सभी 210 यात्री सुरक्षित

Update: 2026-02-06 17:37 GMT

नई दिल्ली |शुक्रवार की सुबह मुंबई हवाई अड्डे पर उस वक्त एक तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के एक विमान को लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि पायलटों की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित उतार लिया गया और किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, यह घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E2157 के साथ हुई, जिसमें 210 से अधिक यात्री सवार थे। यह विमान A321 नियो (A321 neo) श्रेणी का था।

लैंडिंग गियर लीवर में आई थी दिक्कत

लैंडिंग के महत्वपूर्ण चरण के दौरान विमान के लैंडिंग गियर लीवर में समस्या सामने आई। सूत्रों ने बताया कि सिस्टम का 'ऑटोमैटिक मोड' काम नहीं कर रहा था। इस तकनीकी खामी के चलते पायलटों को 'मैनुअल मोड' का उपयोग करना पड़ा ताकि विमान के पहिए सुरक्षित रूप से खोले जा सकें और लैंडिंग कराई जा सके।

विमान ने दोबारा भरी उड़ान

गनीमत रही कि विमान मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गया। लैंडिंग के बाद तकनीकी टीम द्वारा समस्या की जांच की गई और उसे ठीक कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, मरम्मत के बाद इस विमान ने दिन में अपनी अन्य निर्धारित उड़ानें भी संचालित कीं। फिलहाल, इस घटना पर इंडिगो की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

Similar News