गर्मी बनी काल!: रुद्राक्ष महोत्सव में तीन दिन में 3 श्रद्धालुओं की मौत
मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में शिव महापुराण कथा सुनने आए तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। कथा बीते 3 दिन से चल रही थी और सोमवार को इसका समापन हो गया।
कथा स्थल पर सोमवार सुबह एक महिला अचेत अवस्था में मिली। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने ही इसकी जानकारी कोतवाली थाने को दी।
गुजरात से आई थी महिला
जिस महिला की मौत हुई, उसका नाम मंजू बताया जा रहा है। वह गुजरात से महोत्सव में हिस्सा लेने आई थी। पुलिस महिला के साथ आए लोगों की जानकारी इकट्ठा कर रही है। वहीं इसके पहले गोलू नामक युवक की मौत की भी घटना सामने आई थी।
25 वर्षीय गोलू अपने 4 साथियों के साथ कथा सुनने पहुंचा था। उसके रिश्तेदार राहुल कोष्टा ने बताया कि गर्मी इतनी तेज थी कि उसे चक्कर आ गया। वह तुरंत नीचे गिर पड़ा और जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो युवकों ने भी तोड़ा दम
वहीं शनिवार को विजेंद्र नामक युवक ने भी दम तोड़ दिया था। वह कानपुर से कथा में शामिल होने के लिए आया था। बता दें कि कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन हुआ था, जिसमें शामिल होने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे थे।
इस महोत्सव मे पंडित प्रदीप मिश्रा प्रवचन सुना रहे थे। तीन दिवसीय इस कथा का समापन सोमवार को हो गया।