खूनी तांडव:: 12,500 के हिसाब पर 'राहिल' ने सरेराह गला रेता, भरतपुर के कारोबारी की चाकू गोदकर हत्या
नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां राजस्थान के भरतपुर निवासी 27 वर्षीय उभरते फुटवियर कारोबारी रवि चौधरी को मौत के घाट उतार दिया गया। करीब 15-20 दरिंदों ने घेरकर रवि पर चाकू से इतने वार किए कि देखने वालों की रूह कांप गई। वारदात का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर रवि को घेरकर ताबड़तोड़ वार करते दिख रहे हैं।
जान बचाने की आखिरी जंग: मौत ने नहीं छोड़ा पीछा
यह खूनी खेल 20 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे खेला गया। रवि अपनी फैक्ट्री बंद कर बाइक पर सवार होने ही वाला था कि अचानक बदमाशों के झुंड ने उसे घेर लिया। खुद को बचाने के लिए रवि हेलमेट पहनकर सड़क पर भागा, लेकिन भेड़ियों की तरह पीछे पड़े हमलावरों ने उसे थोड़ी ही दूर पर दबोच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने रवि के शरीर पर 20 से अधिक घाव किए। खून से लथपथ रवि ने तड़पते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया।
विवाद की जड़: महज 12,500 का हिसाब और कर्मचारी की धमकी
रवि के बड़े भाई रणवीर चौधरी ने बताया कि इस कत्लेआम की पटकथा एक मामूली विवाद से शुरू हुई थी। 19 फरवरी को फैक्ट्री कर्मचारी 'राहिल' से रवि की कहासुनी हुई थी, जिसके बाद रवि ने उसे काम से निकाल दिया। राहिल ने जाते-जाते अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। 20 फरवरी की सुबह ठेकेदार सलमान के कहने पर रवि ने राहिल के खाते में बकाया 12,500 रुपए ट्रांसफर भी कर दिए थे, लेकिन बदले की आग में जल रहे राहिल ने उसी रात रवि की जीवन लीला समाप्त कर दी।