14वीं मंजिल से गिरकर 13 वर्षीय बच्चे की मौत, रहस्यमयी हालात में पहुंचा दूसरी सोसाइटी
गुरुग्राम। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गुरुग्राम सेक्टर 69 स्थित ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 13 साल के बच्चे की 14वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आरव सक्सेना के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरव का इस सोसाइटी से कोई सीधा संबंध नहीं था। वह अपने माता पिता के साथ सेक्टर 70ए स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी में रहता था, जो घटना स्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार टावर बी 11 के पास तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि एक बच्चा खून से लथपथ जमीन पर पड़ा है। तुरंत आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को सूचना दी गई और एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शुरुआती जांच में पता चला कि बच्चा उसी सोसाइटी का निवासी नहीं था। बाद में उसकी पहचान आरव सक्सेना के रूप में हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पता चला कि आरव रविवार शाम करीब चार बजे अपने घर से निकला था। माता पिता ने समझा कि वह खेलने के लिए नीचे गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि वह अकेला पैदल ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी पहुंचा, वहां गार्ड से होकर भीतर गया और टावर बी 11 की लिफ्ट से ऊपर चढ़कर छत पर पहुंच गया। कुछ ही देर बाद नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी।
बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी के एक निवासी ने बताया कि फुटेज में आरव निकलते समय और दूसरी सोसाइटी में प्रवेश से पहले कई बार पीछे मुड़कर देखता नजर आ रहा है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या वह किसी से डर रहा था या किसी के बुलाने पर वहां गया था।
बताया जा रहा है कि ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में छत तक जाने का रास्ता खुला हुआ था। वर्ष 2018 में पास की एक सोसाइटी में आग लगने के बाद सुरक्षा कारणों से कई जगह छतों के दरवाजे खोले गए थे, जिनका फायदा उठाकर आरव ऊपर पहुंच गया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और किसी साजिश जैसे सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
