पिथौरागढ़ में टैक्सी खाई में गिरने से 2 सगी बहनों समेत 8 की मौत, आठ घायल
पिथौरागढ़-थल मार्ग पर मंगलवार शाम करीब पांच बजे मुवानी से बोक्टा जा रही एक जीप मुवानी के निकट स्यूनी पुल के पास अनियंत्रित होकर लगभग 40 मीटर नीचे बह रहे स्यूनी नाले में गिर गई। वाहन में सवार चालक सहित आठ लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। मृतकों में एक आठ वर्षीय बालिका ओर कक्षा नौ और ग्यारह में पढ़ने वाली दो सगी बहने हैं। घायलों में अधिकांश की हालत गंभीर हैं। सभी को जिला अस्पताल पिथौागढ़ भेजा गया है।
मंगलवार शाम पांच बजे के आसपास मैक्स जीप नबर यूके 05 टीए 0193 , 16 सवारियों को लेकर मुवानी से आठ किमी दूर बोक्टा को रवाना हुई। मुवानी से लगभग एक किमी दूर स्यूनी पुल के पास वाहन सीधे चालीस मीटर गहरी खााई में बह रहे स्यूनी नाले में विशाल बोल्डरों में गिरा। बोल्डरों में गिरने से चकनाचुर हुए वाहन से कुछ शव और वाहन छिटक कर नाले में गिर गए। वाहन के खाई में गिरते ही स्थानीय लोग राहत में जुट गए। घायलों को खाई से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। थल पुलिस थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।दुघर्टना में सिमरन 8 वर्ष पुत्री कुंदन सिंह, तनूजा 14 वर्ष पुत्री चंद्र सिंह , विनीता 16 वर्ष पुत्री चंद्र सिंह , चालक नरेंद्र सिंह 40 वर्ष पुत्र चंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह 60 वर्ष पुत्र किशन सिंह, होशियार सिंह 65 वर्ष पुत्र भीम सिंह , शांति देवी 50 वर्ष पत्नी केशव राम , दीक्षा बोरा 26 वर्ष पत्नी पंकज बोरा सभी निवासी बोकटा की मौत हो गई।
इसके अलावा विनीता 20 वर्ष पुत्री पूरन बहादुर, योगेश कुमार 20 वर्ष पुत्र किशन राम, श्याम सिंह मुनौला 35 वर्ष पुत्र बहादुर सिंह मुनौला , दीवान सिंह 55 वर्ष पुत्र भीम सिंह , सुमित सिंह 22 वर्ष पुत्र प्रवीण सिंह , पूजा मुनौला पत्नी कुंदन सिंह मुनौला घायल हो गए। घायलों को मुवानी पीएचसी में प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेजा गया। कुछ कम घायलों को अन्य वाहनों से जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही एसडीएम डीडीहाट खुशबू पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी डीडीहाट केएस रावत, थानाध्यक्ष थल शंकर रावत सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे।