सर्जरी के बाद मोदी ने पूछा खरगे का हाल, जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की

By :  vijay
Update: 2025-10-02 07:54 GMT

नई दिल्ली  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पीएम मोदी ने खरगे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। हाल ही में खड़गे की पेसमेकर इम्प्लांटेशन की सर्जरी हुई है।

पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, खरगे जी से बात की। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना करता हूं। उनके बेटे और कर्नाटक के आईटी मंत्री प्रियांक खरगे ने बताया कि पिता की स्थिति स्थिर है और वे तीन अक्टूबर से अपने आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर देंगे।

प्रियांक ने एक्स पर लिखा, खरगे जी का पेसमेकर इम्प्लांटेशन आज सफलतापूर्वक पूरा हुआ। यह एक छोटी और सामान्य प्रक्रिया थी और वे अब स्थिर हैं। वे तीन अक्टूबर से कामकाज शुरू करेंगे और अपने सभी निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। हम सभी का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने चिंता, समर्थन और स्नेह दिखाया।

सात अक्टूबर को नागालैंड जाएंगे खरगे

इस बीच खरगे सात अक्टूबर को कोहिमा का दौरा करेंगे और नागा सॉलिडेरिटी पार्क में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। नागालैंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद एस ने कोहिमा स्थित कांग्रेस भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह घोषणा की। कांग्रेस को इस रैली में कम से कम 10,000 लोगों के जुटने की उम्मीद है।

Similar News