कर्नाटक की केमिकल फैक्टरी में विस्फोट, दो मजदूरों की मौत और चार घायल

Update: 2026-02-15 10:02 GMT

बंगलूरू। कर्नाटक के मांड्या जिले में रविवार को केरेकाटे गांव के पास स्थित एक केमिकल फैक्टरी में स्टोरेज टैंक फटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक धमाका उस समय हुआ जब फैक्टरी को दूसरी जगह शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी और टैंक की सफाई की जा रही थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विस्फोट इतना तेज था कि दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल कर्मचारियों को तुरंत मांड्या इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार फैक्ट्री पिछले कुछ समय से अपने उपकरण और रसायन केरेकाटे से नए स्थान पर ले जा रही थी। इसी दौरान टैंक साफ करते समय अचानक धमाका हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।

स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री के सुरक्षा रिकॉर्ड पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2022 में भी यहां जहरीली गैस रिसाव की घटना हुई थी, जिससे आसपास की फसलों को नुकसान पहुंचा था और दो कुत्तों की मौत हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उस घटना के बाद से इलाके के लोगों की सेहत पर भी असर पड़ा।

ग्रामीणों और किसानों के विरोध के चलते तथा स्थानीय विधायक और जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद पहले ही फैक्ट्री का काम रोक दिया गया था। अब ताजा हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक निगरानी को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं।

Similar News