पश्चिम बंगाल में बड़ा हादसा: बर्धमान रेलवे स्टेशन पर भगदड़, दस लोग घायल

By :  vijay
Update: 2025-10-12 17:38 GMT

कोलकाता  पश्चिम बंगाल के बर्दवान रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। तीन अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक साथ ट्रेन आने के बाद सीढ़ियों पर यात्रियों में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी में कई लोग गिर पड़े और पैरों के नीचे आने से खबर लिखे जाने तक दस लोगों के घायल होने की खबर है। घायल यात्रियों को बर्दवान मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना रविवार शाम की है जब एक साथ तीन प्लेटफॉर्म 4, 6 और 7 पर ट्रेनें आ गईं। प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर बर्दवान-हावड़ा लोकल, 6 पर रामपुरहाट लोकल और 7 पर आसनसोल लोकल खड़ी थी। यात्रियों में ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में फुट ओवर ब्रिज और सीढ़ियों पर अचानक भारी भीड़ और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

एक चश्मदीद ने बताया, सीढ़ियां बहुत संकरी हैं। एक ही समय में तीनों ट्रेन पकड़ने के लिए भीड़ बढ़ गई। इस दौरान कुछ लोग फिसलकर गिर गए और कई लोग उनके ऊपर चढ़ गए। रेलवे सूत्रों के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 10 यात्री घायल हुए हैं। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। रोजाना हजारों यात्री बर्दवान स्टेशन से गुजरते हैं, लेकिन संकीर्ण सीढ़ियां और सुरक्षा कर्मियों की कमी को लेकर यात्रियों में गुस्सा है। रेल प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए कदम उठाने की बात कही है।

रेलवे ने जारी किया बयान

रेलवे ने एक बयान में कहा, आज शाम बर्दवान स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर चल रही एक महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों से गिर गई। महिला के गिरने के बाद उनका वजन फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों पर बैठे अन्य यात्रियों पर पड़ा, जिससे वे भी असंतुलित होकर गिर गए। प्लेटफॉर्म पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे कर्मियों ने तुरंत उनकी मदद की। रेलवे के डॉक्टर भी मौके पर मौजूद थे। घायल तीनों यात्रियों को उपचार के लिए बर्दवान मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

बयान में आगे कहा गया, स्पष्ट किया जाता है कि किसी भी प्रकार की भगदड़ नहीं हुई और भीड़ सामान्य थी। साथ ही किसी की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। 

Similar News