कार शोरूम में भीषण आग: कांग्रेस नेता प्रवेश अग्रवाल की मौत, पत्नी वेंटिलेटर पर

By :  vijay
Update: 2025-10-23 04:30 GMT


इंदौर। लसूडिया क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक कार शोरूम में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा कर दिया। इस आग में शोरूम मालिक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व नर्मदा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवेश अग्रवाल की दम घुटने से मौत हो गई। उनकी पत्नी रेखा अग्रवाल गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 5 बजे के आसपास लगी। उस समय प्रवेश अग्रवाल और उनकी पत्नी शोरूम के भीतर मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि वे बाहर नहीं निकल पाए। दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।

स्थानीय लोगों और राजनीतिक सहयोगियों ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस नेताओं ने प्रवेश अग्रवाल को समाजसेवा और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाला समर्पित नेता बताया।

Similar News