केरल तट के पास सिंगापुर के जहाज में लगी भयानक आग,भारतीय तटरक्षक बल नौसेना और वायु सेना ने मिलकर किया रेस्क्यू

Update: 2025-06-14 17:09 GMT

 नई दिल्ली। भारतीय तटरक्षक बल ने नौसेना और वायु सेना के साथ मिलकर सिंगापुर के जहाज एमवी वान हाई 503 में लगी आग बुझाने और बचाव अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इसके साथ ही आग से प्रभावित इस जहाज को केरल तट के पास भारतीय तटरेखा से दूर ले जाने की भी सफल पहल की है, जो एक व्यापक समुद्री पर्यावरणीय आपदा रोकने में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सुरक्षा बलों के इस संयुक्त अभियान की बदौलत प्रतिकूल मौसम के बावजूद जहाज पर लगी भयावह आग एवं अन्य कठिन चुनौतियों पर काबू पाया जा सका। गौरतलब है कि इस सप्ताह के प्रारंभ में सिंगापुर ध्वज वाले कंटेनर जहाज में लगी आग से इस जहाज के केरल तट के निकट होने के कारण बड़ा खतरा पैदा हो गया था।

'आग लगभग बुझ चुकी है'

बहरहाल, भारतीय तटरक्षक बल ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "बचाव अभियान में एक बड़ी सफलता तब मिली, जब 13 जून को भारतीय तटरक्षक बल से इस जहाज को ऑफशोर वारियर को ट्रांसफर कर दिया गया। प्रतिकूल मौसम के बावजूद भारतीय नौसेना के 'सीकिंग' हेलीकॉप्टर ने कोच्चि से 20 समुद्री मील दूर जहाज पर बचाव दल को उतारा। तटरक्षक बल के तीन जहाज सिंगापुर के कंटेनर जहाज को एस्कार्ट कर रहे हैं। अब जहाज तट से 35 समुद्री मील दूर है, आग लगभग बुझ चुकी है।'

Tags:    

Similar News