शीतला अष्टमी आज:: चूल्हा जलाना और चाय पीना वर्जित, मां शीतला की पूजा में रखें इन खास नियमों का ध्यान
भीलवाड़ा। चैत्र मास की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि यानी आज, 11 मार्च बुधवार को समूचे मारवाड़ और मेवाड़ सहित प्रदेश भर में शीतला अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आरोग्य की देवी मां शीतला को प्रसन्न करने के लिए आज घर-घर में बासोड़ा (बासी भोजन) का भोग लगाया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन मां शीतला की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है, लेकिन स्कंद पुराण में इस पूजा को लेकर कुछ कड़े नियम बताए गए हैं जिनका पालन करना अनिवार्य माना गया है।
अग्नि का प्रयोग पूरी तरह वर्जित, न जलाएं दीपक न धूप
शीतला अष्टमी के दिन सबसे महत्वपूर्ण नियम यह है कि घर में चूल्हा या गैस नहीं जलाई जाती है। स्कंद पुराण के अनुसार, मां शीतला की पूजा में अग्नि का प्रयोग वर्जित है। पूजा के दौरान न तो दीपक जलाया जाता है, न धूप-अगरबत्ती और न ही हवन किया जाता है। माना जाता है कि अग्नि के प्रयोग से शीतलता की देवी रुष्ट हो सकती हैं, जिसका नकारात्मक प्रभाव बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर पड़ सकता है। इसलिए भक्त एक दिन पहले (सप्तमी को) ही भोजन तैयार कर लेते हैं और आज के दिन केवल ठंडे और बासी भोजन का ही सेवन व भोग लगाया जाता है।
क्या आज पी सकते हैं चाय?
अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि क्या इस दिन चाय का सेवन किया जा सकता है? धार्मिक परंपराओं के अनुसार, चूंकि आज के दिन अग्नि प्रज्वलित करना मना है और चाय ताजी ही बनाई जाती है, इसलिए आज के दिन चाय पीना वर्जित माना गया है। विकल्प के तौर पर श्रद्धालु ठंडा दूध, लस्सी, छाछ या कोल्ड कॉफी का सेवन कर सकते हैं। भोजन में भी केवल घर का बना ठंडा खाना ही श्रेष्ठ माना गया है, बाहर का खाना या ताजी बनी वस्तुओं के सेवन से परहेज करने की सलाह दी जाती है।
शुभ मुहूर्त और तिथि
हिंदू पंचांग के अनुसार, अष्टमी तिथि 11 मार्च की रात 1:54 बजे से शुरू हो चुकी है, जो 12 मार्च की सुबह 4:19 बजे तक रहेगी। उदय तिथि के अनुसार आज 11 मार्च को ही मुख्य पर्व मनाया जा रहा है। मान्यता है कि बासी और ठंडा भोजन शरीर को अंदरूनी ठंडक प्रदान करता है और बदलते मौसम में बीमारियों से रक्षा करता है। श्रद्धालु सुबह जल्दी उठकर ठंडे जल से स्नान कर मां शीतला की पूजा कर रहे हैं और सुखी व निरोगी जीवन की कामना कर रहे हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
