3.5 घंटे का होगा चंद्र ग्रहण, सूतक काल में बंद रहेंगे मंदिरों के कपाट; इन बातों का रखें ध्यान
चंद्र ग्रहण सात सितंबर को है। नौ घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाएगा। रात 9:57 बजे ग्रहण शुरू होगा और देर रात 1:27 बजे तक रहेगा। ग्रहण का समय तीन घंटे 30 मिनट है। देश के साथ ही यह ग्रहण एशिया, यूरोप, अंटार्कटिका, आस्ट्रेलिया और प्रशांत व अटलांटिक महासागर में भी दिखाई देगा। चंद्र ग्रहण का सूतक काल ग्रहण के नौ घंटे पहले लग जाएगा और मंदिरों के कपाट भी बंद कर दिए जाएंगे। दोपहर 12:57 बजे मंदिर के कपाट बंद हो जाएंगे। आठ सितंबर को भोर में मंदिर के कपाट खोले जाएंगे।
7 सितंबर की रात 9:57 बजे ग्रहण का स्पर्श काल होगा। रात 11:41 बजे मध्यकाल और रात 1:27 बजे मोक्ष काल होगा। मंदिर आठ को सुबह पांच बजे मंदिर के शुद्धिकरण के साथ दर्शन शुरू होंगे। ग्रहण के दौरान श्रद्धालुओं का प्रवेश नहीं होगा।
चंद्र ग्रहण के दिन सूतक काल में हमें कुछ भी खाना-पीना नहीं चाहिए। घर में रखे खाने के सामान पर कुश या तुलसी के पत्ते डालने चाहिए, जिससे खाने की सामग्री अशुद्ध न हो जाए। गरीबों को भोजन और वस्त्र दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
इनका रखें ध्यान
चंद्र ग्रहण में किसी भी धार्मिक या शुभ कार्य नहीं करना चाहिए। चंद्र ग्रहण के दौरान देवता या पेड़-पौधों को छूने से बचना चाहिए। यात्रा से बचना चाहिए। चंद्र ग्रहण के दौरान कैंची, चाकू, सुई का प्रयोग करने से बचें।